रजबन, रेडक्वार्टर, जानी में दिखा तेंदुआ
मेरठ। छावनी क्षेत्र में रजबन, रेड क्वाटर्स सहित 2 एएचक्यू सिग्नल रेजिमेंट में मंगलवार को तेंदुआ देखा गया। पुलिस द्वारा सोमवार रात एनाउंसमेंट किए जाने के बाद से रजबन सहित आसपास के क्षेत्र में खौफ का माहौल है। सेना ने भी रुड़की रोड और रजबन के आसपास रह रहे सैनिक परिवार को सुरक्षा संबंधी दिशा निर्देश जारी किए हैं। सेना ने एंक्लेव में रह रहे परिवारों को आदेशित किया है कि बच्चों को अकेला घर से बाहर न निकलने दें। ऐसे में बच्चों ने ट्यूशन की छुट्टी कर ली है।
रुड़की रोड से रजबन के बीच सेना के 67 एंक्लेव हैं। इनमें सैनिकों के दो हजार से अधिक परिवार रह रहे हैं। तेंदुआ तीन दिन से लगातार सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रहा है। इसकी फुटेज सेना द्वारा वन विभाग को दी जा रही है। वन विभाग ने अब 2एचक्यू सिग्नल रेजिमेंट क्षेत्र में पिंजरा लगाया है। लेकिन अभी तक तेंदुआ पकड़ में नहीं आया है। सेना के अधिकारियों ने रजबन, रेड क्वाटर्स, आरवीसी सहित 2 एएचक्यू सिग्नल रेजिमेंट में 24 घंटे के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने की मांग की है। सेना का कहना है कि टीम के साथ सैन्यकर्मी भी रहेंगे।
------
खौफ में हैं परिवार
रजबन में रह रहे 1200 से अधिक परिवारों में तेंदुआ आने की सूचना से खौफ का माहौल है। रजबन निवासी सतीश यादव ने बताया कि रेड क्वाटर्स जानी के खेत में मंगलवार को तेंदुआ देखा गया। बच्चों की स्कूलों की छुट्टी चल रही हैं। अभिभावकों ने बच्चों को अब ट्यूशन और घर से बाहर खेलने जाने पर रोक लगा दी है।
------
शाम ढलते ही बंद होने लगी दुकानें
एक तरफ सर्दी और दूसरी तरफ तेंदुए के खौफ के चलते रजबन और बाहरी क्षेत्र की दुकानें शाम ढलते ही बंद होने लगी। व्यापारी संजय ने बताया कि तेंदुए के आने की सूचना के कारण खौफ का माहौल है। रेड क्वाटर्स के पास तेंदुआ देखे जाने की सूचना पर काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे, लेकिन किसी को तेंदुआ नहीं मिला। ऐसे में खौफ बढ़ गया है।
------
वन विभाग ने कहा, दूसरे शहर की है वीडियो
मेरठ। आठ माह से तेंदुआ छावनी क्षेत्र में जंगल और सड़कों पर घूम रहा है। आए दिन सेना के कैमरों में कैद हो रहा है और लोगों को भी दिख रहा है। लेकिन वन अधिकारी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तेंदुए की वीडियो को दूसरे शहर की बता रहे हैं। वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में टीमें भी लगाई हुई हैं। अभी तक टीम को सफलता नहीं मिल पाई है।
छावनी क्षेत्र में तेंदुआ मई माह में दिखाई दिया था। कई दिन तक वन विभाग की टीम ने छावनी के जंगलों की खाक भी छानी थी। सफलता हाथ न लगने पर वन विभाग ने तलाशी अभियान बंद कर दिया। सेना की सूचना पर वन विभाग की टीम मंगलवार को भी दिन भर तेंदुए की तलाश में जुटी रही। शाम तक टीम खाली हाथ रही। हालांकि, मंगलवार को दिन छिपते ही छावनी की सड़कों पर घूमते तेंदुए की तस्वीर वायरल हो गई।
जिला वन अधिकारी राजेश कुमार ने कहा कि छावनी क्षेत्र में तेंदुए की सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को किसी अन्य शहर का बताया है। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही है। तेंदुआ दिखने पर वन विभाग को सूचना देने की अपील भी की है।
-------
अंधेरे व तेंदुए के डर से बंद की सुबह की सैर
गंगानगर। गंगानगर में पार्कों के अलावा डिवाइडर रोड व सीएनजी पंप रोड पर सैकड़ों लोग सुबह की सैर पर आते हैं। परंतु सीएनजी रोड पर पिछले दो सप्ताह से स्ट्रीट लाइट बंद हैं। सुबह घुप अंधेरा होने के चलते व दो दिनों से कैंट क्षेत्र में तेंदुआ होने की जानकारी से लोगों ने आना बंद कर दिया है। कॉलोनी निवासी सचिन, आशीष, संगीता, प्रभा, वर्षा, वेदराम, रामवीर, कपिल आदि ने बताया कि स्ट्रीट लाइट नहीं जलने के कारण रोड पर अंधेरा रहता है। वहीं, अब दो दिनों से कैंट क्षेत्र में तेंदुआ होने की खबर आने के चलते घूमना बंद कर दिया है। संवाद