लावड़। कस्बे में लगने वाले परंपरागत रक्षाबंधन मेले की तैयारियों को लेकर बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय में बैठक हुई। चेयरपर्सन आफताब बेगम की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभासदों के साथ मेले की व्यवस्था और आयोजन को लेकर चर्चा की गई। मेले के विभिन्न ठेकों और दुकानों की नीलामी की प्रक्रिया पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले के ठेकों की नीलामी 16 अगस्त को कराई जाएगी। चेयरपर्सन आफताब बेगम ने बताया कि रक्षाबंधन मेला 28 अगस्त से शुरू होगा। मेले में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। चेयरपर्सन ने कहा कि इस बार मेले को पहले से अधिक भव्य और आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने सभासदों और नगर पंचायत कर्मचारियों से मेले की तैयारियों में सहयोग करने की अपील की।