मेरठ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से वर्ष 2026- 27 के लिए होने वाले सभी ट्रायल के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 10 जनवरी से 10 फरवरी तक कराए गए थे। इसके बाद पंजीकरण बंद हो गए थे। अब एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों को पंजीकरण का एक और मौका दिया है। जो भी खिलाड़ी पंजीकरण करने से चूक गए थे, वे सभी 28 फरवरी से दो मार्च तक पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए कोई भी इच्छुक खिलाड़ी https://registration.upca.tv/ लिंक के माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकता है। मेरठ जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुरेंद्र चौहान ने बताया कि यूपीसीए ने पंजीकरण के लिए एक अंतिम मौका दिया है इसके बाद कोई भी खिलाड़ी ऑनलाइन विंडो पर पंजीकरण नहीं कर पाएगा। जिस खिलाड़ी ने पंजीकरण कर दिया है और फीस जमा नहीं की है, उन सभी को भी फीस जमा करना अनिवार्य है।