थाने से सटे नगर निगम के कर्मी के घर लाखों की चोरी
मेरठ। देहली गेट थाने के सटे मकान में बदमाशों ने सोमवार रात धावा बोल दिया। नगर निगम के कर्मी का घर खंगाल लिया गया। चोरी की सूचना के बाद पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। पुलिस के अनुसार देहली गेट थाने के बराबर में नगर निगम में कार्यरत कर्मी मो. इकबाल परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार शाम उनके बेटे फरदीन की तबीयत खराब थी। उसे दवाई दिलाने के लिए वह शाम को कोतवाली क्षेत्र में रंगड़ो की चौपाल स्थित डॉक्टर के पास गए थे। देर होने पर वह भाई के पास रुक गए थे। सुबह करीब 8:00 बजे जब वह घर पहुंचे तो चोरी का पता चला। उन्होंने बताया कि मेन गेट का ताला लगा हुआ था। चोर छत के सहारे घर में घुसे थे। करीब ढाई लाख कैश और लाखों रुपये के सोने चांदी के जेवरात चोरी हो गए। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम भी पहुंची। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाले जा रही है। सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला का कहना है कि पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। जल्द ही पुलिस इस वारदात का खुलासा करेगी।