मवाना। गांव कौहला में पीएसी कंपनी द्वारा सरकारी स्कूल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक मजदूर घायल हो गया, जिसे हाईवे एंबुलेंस ने सीएचसी में भर्ती कराया जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया। बताया गया कि मजदूरी कर रहे युवकों में शुक्रवार दोपहर के समय शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। इस पर आपस में मारपीट हो गई। इसमें गांव खाता निवासी मजदूर मनोज के सिर में गंभीर चोटें आई। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल मनोज को सीएचसी में इलाज के लिए भर्ती कराया। इस संबंध में थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है।