परीक्षितगढ़ मृतक मदन सैनी का फाइल फोटो।
परीक्षितगढ़। सोमवार देर शाम लोधीपुरा नहर झाल की पटरी पर एक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। राहगीरों ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, चिकित्सक ने मदन सैनी को मृत घोषित कर दिया। मदन सैनी 55 वर्षीय था और गांव पूठी का निवासी था। वह नगर में एक व्यापारी की दुकान में मजदूरी करता था। हादसे के समय वह मजदूरी कर साइकिल से अपने गांव लौट रहा था। टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। थानाध्यक्ष केदार सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भर दिया गया है। हालांकि, परिवार के लोग शव परीक्षण कराने से इन्कार कर रहे हैं। पुलिस परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है। मृतक अपने दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी सतलेश, पुत्र सुमित, मां प्रेमवती और भाई सुशील का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद