सहारनपुर। पेयजल के नमूनों की जांच लिए नगर निगम में प्रयोगशाला स्थापित होगी। जिसके बाद जरूरत के हिसाब से शहर के किसी भी क्षेत्र के पानी की जांच की जा सकेगी। इसका मकसद यही है कि नागरिकों को जो पानी मुहैया कराया जा रहा है वह शुद्ध हो। साथ ही महानगर में चार नए नलकूप और 15 मिनी नलकूपों का निर्माण होगा।
जलकल विभाग के महाप्रबंधक राधेश्याम यादव ने बताया कि 15वें वित्त से महानगर में 35 एचपी के चार बड़े नलकूपों का निर्माण कराया जाएगा। इनमें एक वार्ड 59 के चकराता रोड स्थित सेवादल स्टेडियम में, दूसरा वार्ड 29 बेरीबाग के रंजीत नगर में, तीसरा वार्ड सात के जाटवनगर में और चौथा वार्ड 58 के गालिब रसूल चौक पर स्थापित होगा। चूंकि समय समय पर पानी की जांच की जरूरत रहती है। ऐसे में नगर निगम परिसर में प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी। 15वें वित्त से ही 15 एचपी की क्षमता वाले नलकूप स्थापित किए जाएंगे। यह 15 अलग अलग वार्डों में होंगे। वार्ड 38 में बनने वाले नलकूप का भूमि पूजन शुक्रवार को महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, पूर्व सांसद राघवलखनपाल शर्मा, भाजपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, हेमंत अरोड़ा आदि की मौजूदगी में हुआ।