ब्रह्मपुरी में शराब के ठेके को बंद कराने को लेकर दो दिन पहले हुए लाठी चार्ज प्रकरण में क्षेत्र की महिलाओं ने पुलिस के खिलाफ सीएम व राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की है। इस संबंध में शिकायत पत्र भेजा गया है। इसमें बताया कि महिलाएं मंदिर के बराबर में स्थित शराब के ठेके को हटवाने के लिये धरने पर बैठी थीं। जिस पर पुलिस ने धरना समाप्त करने का दबाव बनाया। इनकार करने पर बृहस्पतिवार रात पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। साथ ही मारपीट करते हुए पूरी रात थाने में बंद रखा। चार महिलाओं पर मुकदमा भी दर्ज किया गया। बताया कि पुलिस ने ठेका संचालक से साठगांठ कर कार्रवाई की है। महिलाओं ने पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करने की मांग की।