घने कोहरे के कारण बृहस्पतिवार को हाईवे पर वाहनों की रफ्तार थम गई। हालांकि दिन तेज धूप के बीच पारा फिर से बढ़ गया है। पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के बीच वेस्ट यूपी और एनसीआर में कोहरे की चादर फिर से मोटी हो गई है। बृहस्पतिवार सुबह हाईवे पर दस मीटर की दूरी पर भी कुछ नहीं दिख रहा था। हालांकि धूप निकलने के बाद लोगों को कोहरे से राहत मिली। मौसम कार्यालय पर अधिकतम तापमान 23.9 और न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 100 व न्यूनतम 56 प्रतिशत दर्ज की गई। भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एन सुभाष का कहना है कि अभी 48 घंटे तक कोहरे का असर बना रहेगा। वहीं रात का पारा फिर से गिरेगा।