संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। केएल इंटरनेशनल स्कूल की साइंस प्रोजेक्ट टीम का संजीवनी बास्केट नामक अभिनव प्रोजेक्ट अटल इनोवेशन मिशन एवं नीति आयोग द्वारा संचालित स्टूडेंट इनोवेटर प्रोग्राम के दूसरे चरण के लिए चयनित हो गया है। यह प्रोजेक्ट छात्रों की रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और समस्या समाधान की क्षमता का उत्कृष्ट उदाहरण है। संजीवनी बास्केट एक स्मार्ट उपकरण है, जिसमें विभिन्न सेंसरों का उपयोग कर फल-सब्जियों की ताजगी का पता लगाया जा सकता है, भले ही वे बंद पैकेट या पेटी में हों। इससे उपभोक्ताओं को खराब सामग्री खरीदने से बचाया जा सकेगा। पिछले वर्ष आयोजित स्कूल इनोवेशन मैराथन में लाखों छात्रों में से मात्र 200 प्रोजेक्ट्स ही आगे बढ़े थे, जिनमें केएल स्कूल का यह प्रोजेक्ट शामिल हुआ। चयन के बाद छात्रों को नीति आयोग द्वारा नियुक्त विशेषज्ञ इनक्यूबेटर से मार्गदर्शन, फीडबैक और तकनीकी सहायता मिलेगी। प्रोजेक्ट को और अधिक व्यावहारिक बनाने के लिए एमआईईटी को पार्टनर संस्था के रूप में नियुक्त किया गया है, जो प्रोडक्ट डेवलपमेंट के सभी चरणों में सहयोग करेगी। स्कूल के प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने छात्रों आयनांश सिंह और जान्हवी शरण सहित पूरी टीम और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई दी।