मेरठ। ऑल इंडिया रेलवे महिला एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन कोलकाता में किया जा रहा है। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता में ऊंची कूद इवेंट में प्रतिभाग कर मेरठ की ख्याति माथुर ने स्वर्ण पदक और मानसी तोमर ने रजत पदक जीता। ख्याति माथुर ने ईस्टर्न रेलवे की ओर से खेलते हुए 1.79 मीटर ऊंची कूद लगाकर पहला स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीता। वहीं, मानसी तोमर ने नॉर्थ सेंटर रेलवे की ओर से खेलते हुए 1.76 मीटर ऊंची कूद लगाकर दूसरा स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता। ख्याति वर्तमान में कोलकाता और मानसी तोमर प्रयागराज में तैनात हैं। दोनों खिलाड़ी रेलवे की ओर से खेलती हैं। इनके पदक अर्जित करने पर यहां कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में उन्हें प्रशिक्षण देने वाले उनके कोच गौरव त्यागी और क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव ने भी उन्हें बधाई दी। संवाद