मेरठ। राजस्थान में दलितों के उत्पीड़न के खिलाफ शुक्रवार को शारदा रोड पर अखिल भारतीय खटीक समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता संगठन के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष लोकेश चंद्र खटीक ने की। उन्होंने कहा कि हाल ही में राजस्थान के नागौर जिले में दलित युवकों को बंधक बनाकर उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया। यह इंसानियत के खिलाफ है। इसकी खटीक समाज ने घोर निंदा की। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए 70 वर्ष से अधिक हो गए हैं, लेकिन कुछ मानसिक विकृति के लोग आज भी मौजूद हैं। वे सामंती एवं फासीवादी सोच के तहत वारदातों को अंजाम देते रहते हैं। यह भारतीय सभ्यता पर कलंक है। उमाशंकर खटीक ने कहा कि इस घटना से संपूर्ण अनुसूचित जाति वर्ग खुद को अपमानित महसूस कर रहा है। बैठक में मांग की कि राजस्थान सरकार दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजे। यहां राहुल, राजेंद्र सिंह, दीपक खटीक, राकेश कटारिया, विजय सिंह, हीरा सोनकर आदि रहे।