इन दिनों हस्तिनापुर में गंगा के आसपास लगते गांवों के किसान संकट में हैं। गंगा पार बिजनौर क्षेत्र में उनके खेत हैं। गंगा पुल की एप्रोच रोड पानी के तेज बहाव से टूट जाने के बाद किसानों की परेशानी बढ़ गई है। जान संकट में डालकर नाव से गंगा पार तो कर पा रहे हैं। लेकिन आगामी दिनों में उन्हें फसल अपने क्षेत्र में लाने के लिए समस्या पैदा हो जाएगी।
खादर क्षेत्र के गांव भीमकुंड, मनोहरपुर, लतीफपुर, सिरजोपुर हादीपुर गावड़ी, फतेहपुर प्रेम आदि दर्जनों गांवों के किसानों का कहना हैं कि गंगा पुल की एप्रोच रोड टूटने से उनकी करोड़ों रुपये की फसल बर्बाद हो रही है। एप्रोच रोड जल्द दुरुस्त होने की भी कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। वह जान जोखिम में डालकर नाव के सहारे गंगा पार खेती करने जाते हैं। कई बार नाव में हादसे होते-होते बचे हैं। लेकिन परिवार के पालन पोषण के लिए जिंदगी दांव पर लगाकर खेती करना जरूरी हो गया है।
यह भी पढ़ें: मेरठ: मंत्री के सामने फूट-फूटकर रोने लगे पीड़ित पिता, बोले- बेरहमी से की गई बेटे की हत्या, भावुक हुए लोग
ग्रामीण विजयपाल, कुलदीप, सोहनवीर, सतीश, किशनपाल, रामअवतार, बृजपाल आदि ने बताया कि 28 जुलाई को गंगा के तेज बहाव ने एप्रोच रोड को तबाह कर दिया था। करीब दो महीने का समय बीत चुका है। प्रशासनिक अधिकारियों ने एक सप्ताह में एप्रोच रोड दुरुस्त करने का दावा किया था, लेकिन अभी तक स्थिति जस की तस है। जल्द एप्रोच रोड दुरुस्त नहीं हुई तो उनकी फसल बर्बाद हो जाएगी। उन्हें फसल औने-पौने दामों में बेचनी पड़ेगी।
यह भी पढ़ें: गजब हाल: पुलिस चौकी पर 80 हजार लोगों की जिम्मेदारी, पर आठ साल से दर्ज नहीं हुई FIR, चौंका देगी ये रिपोर्ट