मेरठ। विजय गर्ग की मौत के बाद कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद केसरगंज के लोगों ने कई इलाकों को हॉट स्पॉट घोषित करने की मांग कर दी है। लोगों का कहना है कि केसरगंज मंडी के गेट के ठीक बराबर में उनकी दुकान थी। मंडी के लोगों से भी उनका मिलना जुलना था। ऐसे में मंडी को भी सील किया जाना चाहिए। इसके अलावा जहां उनका घर है, उस इलाके को भी हॉटस्पॉट घोषित किया जाना चाहिए। वैसे भी यह इलाका पहले से ही संवेदनशील है। जहां पर विजय गर्ग का आवास है, उसके सामने का पूर्वा फैयाज अली का सारा इलाका भी पहले से ही हॉटस्पॉट है। केसरगंज के लोगों का कहना है कि मछेरान के लोग जिस तरह से दुकान पर आते थे, वह बेहद गंभीर है। ऐसे में यहां के रास्तों को भी बंद किया जाए। विजय गर्ग की दुकान के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि सुबह को मछेरान के लोगों की सड़क पर बहुत भीड़ रहती है। दुकानों पर भी भीड़ जमा रहती है। इस पर प्रशासन सख्ती करे, नहीं तो यहां पर कोरोना के मामले बढ़ते जाएंगे। यहां दोपहर में भी गलियों में लोग खड़े रहते हें। पुलिस के तमाम समझाने के बाद भी इन लोगों की आदत में सुधार नहीं आ रहा है।