दिल्ली देहरादून हाईवे पर परतापुर क्षेत्र में भूडबराल स्थित रजवाहे के पास बृहस्पतिवार को पल्सर बाइक से तीव्रगति से जा रहे कांवडिये की बाइक डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने घायल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार हैदरपुर थाना शालीमार दिल्ली निवासी अशोक पुत्र राजपाल व शत्रुघभन पुत्र कुंवरपाल हरिद्वार से जल लेकर दिल्ली लौट रहे थे। हेलमेट न होने पर अशोक के सिर में गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर परतापुर दीपक शर्मा का कहना है कि डिवाइडर से बाइक टकराने पर ही हादसा हुआ है।