मेरठ। कांवड़ यात्रा के लिए नगर निगम मंगलवार से शहर में बल्लियां और स्ट्रीट लाइटें लगाने का काम शुरू करेगा। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि निगम के अफसरों को निर्देश जारी किए हैं कि इसी सप्ताह सभी कार्य पूरा कर लें। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के मुख्य मार्गों पर बने गड्ढे को भरने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। सड़कों की मरम्मत और मार्ग पर जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए नालियों की सफाई के लिए अभियान चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर बल्लियों (बैरिकेडिंग) का कार्य मंगलवार से शुरू किया जाएगा। वहां अतिरिक्त बैरिकेडिंग लगाकर सुरक्षित और अलग मार्ग सुनिश्चित किया जाएगा। मार्ग पर खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने और जरूरत वाले स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का कार्य भी होगा। ब्यूरो