मवाना। तिरुपति बालाजी कन्या महाविद्यालय खजूरी में सोमवार को सेल्फी विद मटकी ऑनलाइन प्रतियोगिता हुई। इसमें प्रथम स्थान काजल ने पाया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना शर्मा ने बताया कि ईद के मौके पर कोरोना के प्रकोप से तनाव ग्रस्त होते माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए सेल्फी विद मटकी प्रतियोगिता हुई। इसमें करीब 25 स्वयंसेविकाओं ने भाग लिया। उन्होंने खूबसूरत परिधान पहनकर मटकी के साथ सेल्फी ली। प्रतियोगिता में काजल मलिक प्रथम, अनुभारती द्वितीय तथा गौरी त्यागी तृतीय रहीं। सांत्वना पुरस्कार के लिए शुमायला और अक्षि शर्मा को चुना गया। इस प्रतियोगिता से नई ऊर्जा का संचार हुआ। लोगों को जागरूक कर स्वयंसेविका भी दो महीने से मोर्चा संभालकर समाज सेवा के दायित्व को निभा रही हैं। वहीं, बुजुर्गों का आशीर्वाद पा रही हैं। स्वयं सेविका बार-बार लोगों को समझा रही हैं कि हमें अपनी जीवन शैली को बदलना है। जीवन शैली में परिवर्तन करके कुछ सावधानी शामिल करनी हैं। इसके जीवन सुगम हो जाएगा।