कंकरखेड़ा। हाईवे स्थित खड़ौली गांव में बंद मकान का ताला तोड़कर शनिवार रात चोरों ने लाखों के जेवर चोरी कर लिए। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की।
खड़ौली गांव निवासी विजयपाल सैनी ने रविवार सुबह थाने पर तहरीर देते हुए बताया कि वर्तमान में वह परिवार के साथ गांव में ही दूसरे मकान में रह रहे हैं। वह शाम तक पुराने मकान पर रहते हैं और रात को नए मकान पर चले जाते हैं। रविवार सुबह जब वह पुराने मकान पर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा था। पीड़ित का शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अंदर सेफ का ताला टूटा पड़ा था और उसमें रखा सोने का सेट, दो मंगलसूत्र, दो सोने की अंगूठी, दो सोने के ओम, दो जोड़ी कुंडल, दो कड़े, एक टीका, दो चांदी के मंगलसूत्र, तगड़ी, चांदी के फूल, पाजेब व कई जोड़े कपड़े गायब थे।
सूचना पर डायल 112 व थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र व हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी अजय कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद