करवा चौथ पर पत्नी संग बेटों से मिलने दिल्ली जाने के दौरान हुई वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी में किसान ब्रहमपाल शर्मा उर्फ लालू पंडित के घर से चोरों ने 15 लाख रुपये के आभूषण और 50 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के दौरान किसान बेटों से मिलने के लिए दिल्ली गए हुए थे। वापस लौटकर किसान ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस घटना के खुलासे के प्रयास में जुटी है। सीओ ब्रहमपुरी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि तहरीर के आधार जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
रिठानी निवासी ब्रह्मपाल शर्मा उर्फ लालू पंडित खेतीबाड़ी करते हैं। ब्रह्मपाल का बड़ा बेटा दिल्ली की एक आईटी कंपनी में इंजीनियर है और छोटा बेटा दिल्ली के एक न्यूज चैनल के प्रोडेक्शन हाउस में काम करता है। दोनों बेटे पत्नी और बच्चों के साथ दिल्ली में ही रहते हैं। 19 अक्तूबर को करवाचौथ के अवसर पर ब्रह्मपाल पत्नी सरोज शर्मा के साथ दिल्ली के मंडावली में बेटों के पास गए थे। बुधवार दोपहर उनके दूसरे मकान मेें रहने वाला किराएदार सोनू मकान का किराया देने के लिए पहुंचा।
मकान का ताला टूटा हुआ था। जिसके बाद किराएदार सोनू ने ब्रह्मपाल को सूचना दी। उन्होंने वापस लौटकर देखा कि मकान के दोनों कमरों में सारा समान बिखरा हुआ है। ब्रहमपाल ने बताया कि दोनों कमरों की अलमारी में पचास हजार रुपये की नगदी और सोने-चांदी के मंगलसूत्र, सोने की चेन, झुमके, कंगन, पाजेब आदि 15 लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए गए। पुलिस घटना में किसी करीबी का हाथ मानकर जांच कर रही है।