सरधना। प्राथमिक विद्यालय इस्लामाबाद में अराजकतत्वों ने की तोड़फोड़। शिकायतकर्ता
सरधना। प्राथमिक विद्यालय इस्लामाबाद में लगातार हो रही तोड़फोड़ और चोरी की घटनाओं ने स्कूल स्टाफ और ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह विद्यालय खुलने पर परिसर में फिर से नुकसान और अव्यवस्था के निशान मिले। विद्यालय प्रशासन के अनुसार पिछले 10 से 15 दिनों के भीतर कई बार अराजक तत्व स्कूल परिसर को निशाना बना चुके हैं। प्रधानाध्यापक जाकिर मलिक ने बताया कि इससे पहले भी चोर विद्यालय से गैस सिलिंडर समेत अन्य जरूरी सामान चोरी कर चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद शरारती तत्वों के हौसले कम नहीं हो रहे हैं। सोमवार को हुई घटना में भी स्कूल की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि पुलिस को लिखित तहरीर देकर विद्यालय में हो रही संदिग्ध गतिविधियों और लगातार हो रही घटनाओं से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक आरोपियों का पता नहीं चल सका है।