खनन करने वाले एक जेसीबी और चार ट्रैैक्टर मालिक स्वामी नामजद
अवैध खनन में पकड़ी एक जेसीबी और चार ट्रैक्टर-ट्रॉली स्वामियों को पुलिस ने मुकदमे में नामजद किया है। पुलिस का दावा कि साल 2022 में कितने लोगों को खनन की अनुमति मिली और कितने अवैध खनन कर रहे हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
इंस्पेक्टर मवाना अजय कुमार ने बताया कि वाहन स्वामियों में जेसीबी मालिक विनोद निवासी आवास कॉलोनी बडौत बागपत, ट्रैक्टर मालिक अरविंद कुमार निवासी मवाना, कमला देवी निवासी मोहम्मदपुर बेहट सहारनपुर, रोहित निवासी रामकिशन कॉलोनी हस्तिनापुर और ममता निवासी ऐंची खुर्द परीक्षितगढ़ के नाम हैं। इन्हें बुलाकर जांच की जाएगी और खनन माफियाओं के बारे में इनसे पूछताछ की जाएगी।
मवाना तहसील में और एडीएम (एफ) के यहां से रिकार्ड लिया जा रहा है, जिसके बाद खनन माफियाओं की क्या क्या संलिप्तता रही, इसका पता चल सकेगा। विवेचक दरोगा सतेंद्र ने बताया कि ट्रैक्टर मालिक में कमला देवी निवासी मोहम्मदपुर बेहट का नाम आया है, जिसका मोबाइल नंबर बंद है। अंदेशा है कि कमला देवी ने ट्रैक्टर बेच दिया होगा। पुलिस ने फिलहाल ट्रैक्टर के नंबर से ही उनके नाम-पते निकाले हैं।