मेरठ। सहकारी गन्ना विकास समिति मोहिउद्दीनपुर की ऑडिट रिपोर्ट मिलने के बाद जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी गठित कर दी है। कमेटी में ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक मोहिउद्दीनपुर एवं सहकारी गन्ना विकास समिति मोहिउद्दीनपुर शामिल किए हैं। इस कमेटी को किसानों को साख से अधिक ऋण देने, बीज के नाम पर अग्रिम धन उठाने और समिति धनराशि में अनियमितता बरतकर हेराफेरी करने वाले कर्मियों की जांच करके 15 दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी गई है। गौरतलब है कि अमर उजाला ने इस भ्रष्टाचार को उजागर किया था। वहीं, जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि दोषी कर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा। रिपोर्ट आते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।