बिजनौर कलक्ट्रेट सभागार में त्यौहारों के संबंध में बैठक लेते डीएम व एसपी। स्रोत सूचना विभाग
बिजनौर। कलक्ट्रेट सभागार में आगामी त्योहारों मोहर्रम, कांवड़ यात्रा, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी को लेकर बैठक हुई। जिसमें डीएम अंकित कुमार अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा और मोहर्रम जुलूस के मुख्य मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उनकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही मार्गों पर प्रकाश की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया।
बुधवार को आयोजित बैठक में डीएम ने मोहर्रम जुलूस एवं कांवड़ यात्रा के मार्गाें के बारे में जानकारी प्राप्त की। बिजली विभाग को जर्जर एवं नीचे लटके ताराें को ठीक कराने के लिए कहा। सभी जेई अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट दें। साथ ही मार्गों पर स्थित सामुदायिक शौचालयों की सफाई कराने के निर्देश दिए। एसडीएम, सीओ, थानाध्यक्ष अपने क्षेत्रों में ताजिए के जुलूस के मार्ग का निरीक्षण करें। आवश्यकता अनुसार रूट डायवर्जन करने के लिए कहा। इसके अलावा सीएमओ को कांवड़ यात्रा के दौरान एंबुलेंस, दवाई की पूरी व्यवस्था रखने के लिए निर्देशित किया। चिकित्सक की सूची बनाकर मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने के लिए कहा।
नगरपालिका और नगर पंचायतों को जुलूस मार्गोें को गड्ढा मुक्त बनाने को कहा। इस मौके पर एसपी नीरज कुमार जादौन, एडीएम प्रशासन शनय कुमार, एएसपी ग्रामीण राम अर्ज, एएसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छल आदि मौजूद रहे।