फलावदा। गांव नंगला हरेरू निवासी दिनेश ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में जांच करने पहुंचे दरोगा पर परिजनों के साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया है। दरोगा के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गांव नंगला हरेरू निवासी दिनेश अपनी पत्नी अजेश के साथ 11 अक्तूबर को बाइक पर सवार होकर खेत पर जा रहा था। पीछे से आ रही कार में सवार युवक स्टंट कर रहे थे। कार की बाइक में हल्की सी साइड लग गई। दिनेश ने कार सवार युवकों से ऐसा करने से मना किया। कार सवार युवकों ने फब्ती कसते हुए बाइक में कार की टक्कर मार दी। हादसे में दिनेश व अजेश दोनों घायल हो गए। पत्नी अजेश की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे तो थाना प्रभारी ने तहरीर लेने से मना कर दिया।
बृहस्पतिवार को थाने का दरोगा घटनास्थल पर जांच करने पहुंचा। दरोगा ने परिजनों से दुर्व्यवहार किया तथा रिपोर्ट दर्ज नहीं करने की धमकी दी। पीड़ित ने सीएम से शिकायत करते हुए घटना करने वाली कार बरामद करने तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ दुर्व्यवहार करने वाले दरोगा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
परिजनों ने सीओ मवाना अभिषेक पटेल से भी शिकायत की है। सीओ ने थाना प्रभारी को कार्रवाई के आदेश दिए हैं तथा महिला की मौत के मामले में फलावदा पुलिस से घटना से संबंधित आख्या मांगी है। सीओ का कहना है कि मृतक महिला के परिजनों की सहायता की जाएगी।