माछरा। अब प्रेरणा मोबाइल एप के माध्यम से निरीक्षण की स्थलीय रिपोर्ट अधिकारियों को भेजी जाएगी।
डीपीआरओ आलोक सिन्हा ने शुक्रवार को माछरा ब्लॉक के भटीपुरा स्थित परिषदीय स्कूल, खंद्रावली के पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय, पंचायतघर की सेल्फी फोटो जिले स्तर के अधिकारियों को मोबाइल एप द्वारा भेजी। डीपीआरओ ने मेरठ बताया कि जिस प्रकार से सरकारी अध्यापकों को प्रेरणा एप पर बच्चों की क्लास की सेल्फी भेजनी थी। गांवों स्थित स्कूलों, ग्राम पंचायतों व ब्लॉक मुख्यालय की निरीक्षण रिपोर्ट भी प्रेरणा एप के माध्यम से आलाधिकारियों को भेजी जाएगी। ग्राम खंद्रावली में जूनियर हाईस्कूल में डीपीआरओ आलोक सिन्हा, एडीओ पंचायत अमित कुमार, अताउर रहमान, शशि शर्मा, ग्राम पंचायत सचिव शमीम अब्बास के साथ पहुंचे। वहां मिड-डे मील, छात्रों की संख्या, शिक्षकों की संख्या, आंगनबाड़ी केंद्र आदि की जानकारी ली गई। जिसमें शिक्षकों ने डीपीआरओ को बताया कि जूनियर हाईस्कूल में 42 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। जिसमें 26 छात्र एवं 16 छात्राएं पंजीकृत हैं। छात्र-छात्राओं की उपस्थिति के बारे में बताया कि महज चार छात्र एवं चार छात्राएं पढ़ने आई हैं। इन्हें पढ़ाने के लिए चार शिक्षक तैनात हैं। अन्य छात्र-छात्राओं के नहीं आने पर ग्राम प्रधान आरिफ ने शिक्षकों के जबाव देने से पहले बताया कि शुक्रवार को ज्यादातर छात्र-छात्राएं जुम्मे की नमाज पढ़ने जाते हैं। वे मुस्लिम समाज से हैं। डीपीआरओ ने बताया कि खंद्रावली एवं भटीपुरा उनकी देखरेख में शिक्षण के निरीक्षण की जिम्मेदारी उन्हें दी गई है। वह अब अन्य दिनों में आकर निरीक्षण करेंगे। वहीं, विद्यालय के शिक्षक संजीश्वर त्यागी ने बताया कि सभी शिक्षक समय से आते हैं। सही तरीके से प्रधान के सहयोग अनुसार मिड-डे मील तैयार किया जाता है। मेन्यू के अनुसार मिड-डे मील दिया जाता है। निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ संतुष्ट नजर आए। इस दौरान ग्राम प्रधान हाजी आरिफ, संजीश्वर त्यागी, एडीओ पंचायत अमित कुमार, अताउर रहमान, लोकेश कुमार, ग्राम प्रधान भटीपुरा मंजू, कंवरपाल, शमीम अब्बास आदि उपस्थित रहे।