खरखौदा। दस दिन पूर्व घोसीपुर कूड़ाघर के सामने सड़क पर बने गड्ढों से बचने के दौरान कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी थी, जिसमें चालक सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। मंगलवार तड़के ई-रिक्शा चालक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार फफूडा निवासी मोनू, जितेंद्र व देवराज शादी-विवाह पार्टियों में हलवाई का काम करते हैं। दस दिन पहले देवराज साथी जितेंद्र व मोनू फफूंडा में ही रह रहे अमित पुत्र कर्म सिंह की ई-रिक्शा से गांव जाहिदपुर में शादी समारोह में काम करके लौट रहे थे। मेरठ हापुड़ रोड पर गांव घोसीपुर में कूड़ाघर के सामने खस्ता हालत रोड पर ई-रिक्शा चालक गड्ढों से बचने के प्रयास में सामने से आ रही कार से जा टकराया, जिसमें चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सोमवार तड़के 28 वर्षीय अमित की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कार को पहले ही कब्जे में ले लिया था।