भारत ने दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीत लिया है। बारबाडोस में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने दक्षिण अफ्रीका को रोमांचक मुकाबले में सात रन से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 176 रन बनाए थे। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बना सकी। भारत की इस ऐतिहासिक जीत से हर भारतीय गौरवान्वित है। भारत की जीत के बाद शहर-दर शहर में जीत का जश्न मनाया जा रहा है। इंदौर के रजवाडा में जहां लोग सड़कों पर पटाखे फोड़ कर जश्न मनाते नजर आए वहीं, वेस्ट यूपी में भी लोगों ने जमकर खुशी मनाई। आधी रात को दीपावली जैसा नजारा दिखाई दिया।
मुजफ्फरनगर में जश्न
- फोटो : अमर उजाला
भारत ने खत्म किया 11 साल का सूखा
इस जीत के साथ भारत ने 11 साल के आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर दिया। भारत ने इससे पहले 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। वहीं, भारत ने 17 साल बाद टी20 विश्व कप जीता है। 13 साल बाद कोई विश्व कप जीता है। 2011 में भारत ने वनडे विश्व कप जीता था।
मेलबर्न में जश्न
- फोटो : अमर उजाला
मेलबर्न में भारतीय लोगों के साथ आईआईए मंडलीय अध्यक्ष सुमेश अग्रवाल ने मनाया भारत की जीत का जश्न। अमर उजाला से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि भारत में ही नहीं विश्व भर में भारतीय क्रिकेट टीम की जीत को लेकर हर कोई उत्साहित था। सभी ने बड़ी स्क्रीन लगाकर पूरी तैयारी कर रखी थी। हमें भी इस कार्यक्रम में शामिल होने का मौका मिला। उन्होंने बताया कि वह बिजनेस ट्रिप पर गए थे। ऐसे में इस ऐतिहासिक पल को देखने का मौका मिला।
सहारनपुर में जश्न मनाते युवा
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय क्रिकेट टीम ने 11 वर्षों से आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को शनिवार को खत्म कर दिया। बेहद उतार चढ़ाव भरे मैच में दर्शकों की सांसें थम गई थीं। लेकिन खिलाड़ियों ने हिम्मत नहीं हारी और हार के मुंह से वर्ल्ड कप ट्रॉफी को छीन लिया। जीत के बाद गोरखपुर में रात भर आतिशबाजी हुई और पटाखे फोड़े गए।
मेरठ के बेगमपुल पर जश्न
- फोटो : अमर उजाला
मेरठ में आधी रात को भारी संख्या में क्रिकेट के प्रशंसक इकट्ठा हुए और आतिशबाजी की। बेगमपुल पर देर रात तक लोगों ने जमकर जश्न मनाया और भारत की जीत पर एक दूसरे को बधाइयां दीं।