मोदीपुरम। शहर की हवा फिर से दम घोंटने वाली होने लगी है। शनिवार को एनसीआर में मुजफ्फरनगर और मेरठ सबसे ज्यादा प्रदूषित रहे। मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 200 को पार कर गया है। बारिश के चलते जहां प्रदूषण कम हो रहा था, वहीं अब पिछले पांच दिन से लगातार बढ़ता जा रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार एनसीआर में मुजफ्फरनगर सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा है। दूसरे नंबर पर मेरठ रहा है। मुजफ्फरनगर का वायु प्रदूषण 228 और मेरठ का 216 रहा है। लगातार पिछले पांच दिन से मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स बढ़ता जा रहा है। बारिश के चलते 9 अक्तूबर को मेरठ का एयर क्वालिटी इंडेक्स 50 और मुजफ्फरनगर का 68 था, जबकि शनिवार को दोनों जगह का ही बढ़ गया है। गाजियाबाद का एक्यूआई 186 रिकार्ड किया गया है। मेरठ में भी वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। इसके अलावा पल्लवपुरम का 218 और गंगानगर 237 और जयभीमनगर का 193 में रहा है।
दिन के तापमान में बढ़ोतरी
मौसम में बारिश के बाद से बदलाव दिख रहा है। रात में नमी बढ़ती जा रही है। दिन का तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते तापमान के चलते दिन तो गर्म है, लेकिन रात का मौसम सर्द हो रहा है। शनिवार को मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 31.9 व न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।