कैराना (शामली)। संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की फंदे पर लटकने से मौत के मामले में मायके पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। आरोप है कि पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इस मामले में पति सहित ससुराल पक्ष के चार लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
शुक्रवार की देर रात गांव भूरा निवासी शबाना का शव उसके ही घर के अंदर फंदे पर लटका मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। सोमवार को मृतका का भाई अहसान निवासी गांव सौरम थाना शाहपुर जनपद मुजफ्फरनगर दर्जनों लोगों के साथ कोतवाली में पहुंचा। आरोप लगाया कि उसके बहनोई के एक महिला से अनैतिक संबंध थे, जिसका उसकी बहन द्वारा विरोध किया जा रहा था तथा समझाने का भी प्रयास किया गया था। इसी को लेकर ससुराल में उसकी बहन के साथ मारपीट कर उत्पीड़न किया जा रहा था। उसने पुलिस को तहरीर देकर पति, ससुर, सास व देवर पर बहन की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। यह भी आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मृतका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।