सरधना। नगर के मोहल्ला धर्मपुरा में कबाड़ के गोदाम में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने के बाद से नगर पालिका जांच करने और कार्रवाई की तैयारी में लगी है। दूसरी तरफ कस्बे में जगह-जगह बने अवैध कपड़ों के गोदाम को लेकर पालिका पर सवाल उठ रहे हैं। आग की घटना के बाद नगर पालिका गोदाम संचालक व जमीन मालिक को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया कर रही है। साथ ही पुलिस भी अवैध रूप से संचालित गोदामों की सूची तैयार करने में लगी है। बता दें कि सरधना कस्बे में बड़े स्तर पर पावरलूम व दोना पत्तल का कारोबार किया जाता है। गली मोहल्लों में पावरलूम और दोना पत्तल के कारखाने बिना मानकाें के चल रहे हैं। नगर पालिका की लापरवाही के चलते कपड़ों के बड़े-बड़े कारखाने आवासीय भवन में बेखौफ चल रहे हैं। सोमवार को मोहल्ला धर्मपुरा में आबादी के बीच कबाड़ के गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। आसपास के कई मकानों को खाली कराया गया जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। नगर के गली-मोहल्लों में पावरलूम व दोने-पत्तल के गोदाम बने हैं। आवासीय भवन को व्यावसायिक रूप में प्रयोग किया जा रहा है लेकिन नगर पालिका प्रशासन अनदेखी कर रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पालिका कर्मचारी कारखाना संचालकों से साठगांठ रखते हैं। अगर यही लापरवाही चलती रही तो किसी दिन नगर में अवैध गोदामों में बड़ा हादसा हो सकता है। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी शशि प्रभा चौधरी का कहना है कि नगर में आवासीय भवन में चलाए जा रहे गोदामों की जांच को टीम गठित की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत पचौरी का कहना है कि गोदाम में आग लगने की घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई है।