सरधना। तहसील क्षेत्र के गांव कुलंजन मदारपुरा में राजस्व अभिलेखों में हड़वारे के रूप में दर्ज भूमि से प्रशासन ने अवैध कब्जा हटवाकर उसे कब्जामुक्त कराया। ग्रामीणों और जय हिंद सोशल वेलफेयर सोसायटी ने आरोप लगाया था कि पिछले कई माह से इस भूमि पर अवैध कब्जा कर टिन शेड का खोखा रखा गया है। इसकी शिकायत तहसील दिवस और मुख्यमंत्री पोर्टल पर की गई थी। शिकायत की जांच में मामला सही पाए जाने पर नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम मौके पर पहुंची। टीम ने हल्का लेखपाल पूनम चौधरी और लेखपाल सचिन तोमर की मौजूदगी में अवैध रूप से रखे गए टिन शेड के खोखे को हटवाकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया। कार्रवाई के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।