मवाना। महालक्ष्मी डिग्री कॉलेज और जिला सर्कल कबड्डी संघ मेरठ के संयुक्त प्रयास से चल रही ब्लॉक स्तरीय दो दिवसीय जिला सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। फाइनल मैच इकला की टीम ने जीता।
बालक वर्ग में रुद्रा नानपुर को हराकर ममूरी ने मुकाबले को जीता। आईआईएमटी से मुकाबले में इकला ने जीत दर्ज की। कुंडा की टीम बाई मिलने की वजह से सीधे फाइनल में प्रवेश कर गई। इकला और ममूरी के बीच हुए सेमीफइनल मुकाबले को इकला ने 29-24 के अंतर से जीतकर फाइनल में स्थान पक्का किया। फाइनल मैच कुंडा और इकला के बीच खेला गया। जिसमें इकला ने कुंडा को 29-9 के भारी अंतर से हराकर मेरठ में पहली बार हुई ब्लॉक स्तर की सर्कल कबड्डी प्रतियोगिता को अपने नाम किया।
बालिका वर्ग में रुद्रा कॉलेज और दा क्लब के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें रुद्रा कॉलेज की टीम ने दा क्लब को 10-5 से हराकर बालिका वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय खिलाड़ी अशोक बिधूड़ी, कॉलेज चेयरमैन डॉ. प्रवीण मित्तल, कॉलेज निदेशक डा. मोहित यादव, कॉलेज रजिस्ट्रार संदीप कुमार, डिप्टी रजिस्ट्रार पवन शर्मा, जिला सर्कल कबड्डी संघ, बिजनौर के जिला सचिव अरविंद, जिला सर्कल कबड्डी संघ के जिला सचिव डा. राहुल भाटी आदि मौजूद रहे।
सीमा प्रधान ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि सर्कल कबड्डी के माध्यम से युवा अपने सपनों को उड़ान दे सकते हैं, क्योंकि आने वाले समय में सर्कल कबड्डी के लिए युवाओं में भी उत्साह और उमंग देखने को मिलेगी, जो आज क्रिकेट के लिए है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के युवा आज हर क्षेत्र में आगे हैं। उन्होंने कहा कि ये छोटी-छोटी प्रतियोगिताएं ही खिलाड़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं। अतिथियों ने विजेता टीमों को पुरस्कृत किया।