राशन वितरण में धांधली रोकने के लिए जिला प्रशासन ने बुधवार से ई-पॉश मशीन से राशन वितरण शुरू कराया। पहले दिन शहर के एक दर्जन से अधिक सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर राशन वितरण किया गया। निरीक्षण को निकले अधिकारियों का दावा है कि पहले दिन सभी दुकानों पर राशन वितरण में कोई कमी नहीं पाई गई। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से या गोदाम से गरीबों के राशन की कालाबाजारी के मामले अक्सर आते रहते हैं। इसको लेकर आपूर्ति विभाग ने सभी राशन डीलरों को ई-पॉश मशीनों को संचालन की ट्रेनिंग देने के बाद शहर के सभी डीलरों को मशीनें उपलब्ध करा दी। बुधवार को मशीन के जरिए राशन वितरण हुआ। नयी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए संयुक्त खाद्य आयुक्त अनिल कुमार दूबे, डीएसओ राजेश कुमार, पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने औचक जांच की। टीम ने सरायकाजी में विनोद कुमार की उचित दर की दुकान, नंगलाबटटू में राम कृपाल, प्रभातनगर में बालमुकुंद गुप्ता की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान पर पहुंचकर ई-पॉश मशीन से होने वाले राशन वितरण की जांच की। एक दो जगह पर नेटवर्क की दिक्कत रही। कार्ड धारकों में ई-पॉश मशीन को लेकर काफी उत्साह दिखा। डीएसओ का कहना है कि इसी माह जनपद के सभी नगरीय क्षेत्रों में ई-पॉश मशीन के माध्यम से आधार का प्रयोग करके ही कार्ड धारकों को राशन वितरण कराया जाएगा। बिना आधार के राशन नहीं मिलेगा।