दहेज मांगने पर बंधक बनाकर की मारपीट
मेरठ। लिसाड़ीगेट थानाक्षेत्र में दहेज के लिए दबाव बना रहे दूल्हे और उसकी मां को लड़की पक्ष ने तीन घंटे तक बंधक बनाकर मारपीट की। पुलिस के अनुसार, मेवगढ़ी निवासी बिलाल पुत्र शकील का निकाह लॉकडाउन के दौरान लाएबा पुत्री आकिल निवासी सुहेल गार्डन से हुआ था। लएबा के परिजनों ने उसकी रुखसती 10 अक्टूबर को तय की थी। शुक्रवार को परिवार वालों ने सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। ससुराल वालों के न पहुंचने पर लएबा के परिजन बिलाल के घर पहुंच गए। वहां ताला लगा मिला। लौटते समय समर गार्डन में बिलाल अपनी मां सलमा के साथ दिखाई गया। इस पर लड़की पक्ष ने बिलाल और उसकी मां को बंधक बना लिया। करीब तीन घंटे बाद जानकारी होने पर लिसाड़ीगेट पुलिस सुहेल गार्डेन पहुंची। बिलाल और उसकी मां को थाने ले आई। इस दौरान लएबा के पिता आकिल ने बताया कि बिलाल पक्ष बाइक और एक लाख रुपये की मांग कर रहा था। इसलिए वह लएबा को लेने नहीं आए। आकिल ने मामले की तहरीर दी। हालांकि कुछ देर बाद दोनों पक्षों में समझौते का प्रयास चलने लगा।