मेरठ। मेडिकल थानाक्षेत्र के कालियागढ़ी में दंपती ने घर के सामने गाली गलौज करने का विरोध किया तो आरोपियों ने हमला कर दिया। सिर पर लोहे की रॉड मारकर घायल कर दिया। जिससे युवक की गंभीर चोट लगी है। कालियागढ़ी निवासी रवि कुमार ने बताया कि रात में उसके घर के बाहर कुछ लोग गाली गलौज कर रहे थे। इसका उसकी पत्नी ने विरोध किया। आरोप है कि इस पर विकास, शिवम, दीपांशु, ममता, राजेश व धर्मवीर ने लाठी डंडों व राड से हमला कर दिया। इसमें दोनों को गंभीर चोट लगी है। शोर मचाने पर आरोपी भाग गए। रवि कुमार ने यूपी 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी मौके से फरार हो गए। रवि ने थाना मेडिकल पर घटना की नामजद तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि जांच की जा रही है। जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद