मेरठ। टीपी नगर थाना क्षेत्र में एक गुरुद्वारे से दान पात्र तोड़कर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को हिस्ट्रीशीटर सचिन उर्फ बुद्धू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 31 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 17 जनवरी को भूपेंद्र पाल सिंह ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि अज्ञात चोरों ने गुरुद्वारे के दान पात्र को तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। सूचना मिलने के बाद पुलिस चोर की तलाश में जुट गई थी। शुक्रवार को बागपत रोड पर गश्त के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही आरोपी युवक भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान हरीनगर निवासी सचिन उर्फ बुद्धू के रूप में हुई, जो थाने का हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी ने गुरुद्वारे में चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस को आरोपी के पास से दान पात्र से चोरी किए गए 31 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। संवाद