रोहटा। डूंगर गांव में विधायक निधि से छह प्रमुख स्थानों पर हाईमास्ट लाइटें लगवाई गई हैं। इससे गांव के मुख्य मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर रात के समय रोशनी की बेहतर व्यवस्था होगी। ग्रामीणों ने इस कार्य के लिए विधायक गुलाम मोहम्मद और ग्राम प्रशासक आशा सांगवान का आभार जताया। ग्रामीणों के अनुसार, गंगनहर से मंदिर मार्ग पर राशन डीलर की दुकान के पास चौपले पर पहली हाईमास्ट लाइट लगाई गई है। दूसरी लाइट गंगनहर कांवड़ मार्ग से धन सिंह कोतवाल मार्ग पर कब्रिस्तान के पास तिराहे पर लगाई गई। तीसरी लाइट डूंगर-जिंझोखर मुख्य मार्ग पर जूनियर हाईस्कूल और पंचायत भवन के पास तथा चौथी डूंगर-पुट संपर्क मार्ग पर आंबेडकर भवन के पास लगाई गई है। इसके अलावा सहरावत चौपाल और प्राथमिक विद्यालय के पास स्थित भूमिया धार्मिक स्थल पर भी लाइट लगाई गई हैं। हाईमास्ट लाइटें लगने से प्रमुख रास्तों और सार्वजनिक स्थलों पर रोशनी मिलेगी, जिससे ग्रामीणों को सुविधा होगी।