माछरा। ब्लॉक क्षेत्र के विभिन्न गांवों में महिला संवाद कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से पधारी महिला मोर्चा की नगर अध्यक्ष ने इसमें हिस्सा लिया। भाजपा नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अश्विनी त्यागी भी उनके साथ रहे। गांव रछौती डेरियो, अम्हेड़ा और आदिपुर में सुधा तिवारी ने महिलाओं से सीधा संवाद किया। महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार और सुझाव रखे। इस दौरान आत्मनिर्भरता, सरकारी योजनाओं का लाभ और समाज में भागीदारी जैसे विषयों पर चर्चा हुई। सुधा तिवारी ने कहा कि महिलाओं की समस्याओं को समझना अत्यंत आवश्यक है। अश्विनी त्यागी ने कहा कि महिला सशक्तीकरण समाज के सर्वांगीण विकास का आधार है। कार्यक्रम में जिला महामंत्री संध्या त्यागी और जिला कार्यकारिणी सदस्य साक्षी शर्मा सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं।