मेरठ। कैसीनो से होने वाली कमाई का आधा हिस्सा होटल मालिकों की जेब में जाता था। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है। मामले में गिरफ्तार किए गए नवीन अरोड़ा समेत आठ लोगों की जमानत अर्जी पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। इसके बाद ही फरार सात आरोपी अग्रिम जमानत के लिए अर्जी कोर्ट में दाखिल करेंगे। अभी तक फरार आरोपियों की अर्जी दाखिल नहीं हुई है।
गढ़ रोड पर होटल हारमनी इन में भाजपा के पूर्व महानगर कोषाध्यक्ष नवीन अरोड़ा, राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा और अमित चांदना की साझेदारी है। आरोप है होटल में काफी दिनों से अवैध तरीके से कैसीनो का संचालित हो रहा था। सोमवार रात पुलिस ने पुलिस ने नवीन अरोड़ा, राजीव गुलाटी, राजकुमार, राकेश, संजय अरोड़ा, मोहित, देवेंद्र पाल सेठी और गौरव कंसल को गिरफ्तार किया था, जबकि राजेश मिगलानी, राजेश जुनेजा, अशोक तनेजा, अमित चांदना, रजत सिंह, हिमांशु, मैनेजर आदिल खान फरार हो गए थे।
पुलिस ने मौके से डेढ़ करोड़ रुपये के काॅइन, करीब एक लाख की नकदी बरामद की थी। इसके साथ ही नौचंदी थाना पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। गिरफ्तार आरोपियों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां उन्हें अंतरिम जमानत मिल गई थी। होटल के हिस्सेदार राजेश जुनेजा, राजेश मिगलानी, अमित चांदना और अशोक और होटल के तीन कर्मचारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अभी तक दबिश भी नहीं दी। होटल में छापे के बाद पुलिस ने वहां के सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी कब्जे में ले ली थी। इसके आधार पर पुलिस ने साईंपुरम स्थित गुच्ची स्टोर के मालिक हैप्पी भाटिया, अनुज टायर वाले टीपीनगर, अनिल छाबड़ा, निखिल ग्रोवर, प्रतीक कंसल कुराली, रूपेश कुमार बिश्नाई समेत 32 लोगों को चिन्हित किया है। इस सभी को मुकदमे में आरोपी बनाया जाएगा। इसके बाद टीम गठित कर गिरफ्तारी की जाएगी। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी। इसके अलावा जांच में जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।