मेरठ। टीपीनगर में डिलीवरी ब्वॉय से लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों अक्षय उर्फ गुड्डू, अनिल और कृष्णपाल उर्फ कृष्ण निवासी ग्राम ढडरा जानी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कृष्ण पाल ने मां के पथरी के ऑपरेशन के लिए रुपये एकत्र करने के लिए जीजा के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूट का सारा माल बरामद कर लिया है।
टीपीनगर पुलिस के मुताबिक इंदिरा नगर ब्रह्मपुरी के रहने वाले किशन बंसल एक प्राइवेट ऑनलाइन कंपनी में डिलीवरी ब्वॉय है। मंगलवार रात कंपनी की ओर से उसे देशी घी के डिब्बों की डिलीवरी करने को मिली थी। सुशांत सिटी में डिब्बे पहुंचाने थे। जैसे ही किशन बंसल वहां पहुंचा, बाइक पर आए तीन युवकों ने उससे घी, मोबाइल और इलेक्ट्रिक स्कूटी लूट ली थी। गोली मारने की धमकी देकर युवक फरार हो गए थे।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों अक्षय उर्फ गुड्डू, अनिल और कृष्णपाल उर्फ कृष्ण निवासी ग्राम ढडरा जानी को पकड़ लिया। सभी आरोपी मूल रूप से करनावल सरुरपुर के रहने वाले हैं। आरोपी कृष्णपाल ने बताया कि वह भी किशन बंसल वाली कंपनी में काम करता है। उसकी मां का पथरी का ऑपरेशन होना था। रुपये का इंतजाम नहीं हो पा रहा था। इसके चलते उसने अपने जीजा अनिल और उसके भांजे अक्षय के साथ मिलकर यह वारदात की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि लूटा गया सारा सामान बरामद हो गया है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।