हाइवे पर बाइक सवार एक युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पीएम के लिए भिजवाया।
सिवाया निवासी मोनू (30) पुत्र चंद्रसेन सेनेटरी का काम करता था। बृहस्पतिवार को वह बाइक से काम पर जा रहा था। इस बीच हाइवे पर पीछे से आए किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही मोनू का सिर सड़क में लगा और उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर दीपक शर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया है। वहीं मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मोनू घर में सबसे छोटा था, उसके दो बड़े भाई पिंटू व सोनू हैं। चार साल पूर्व ही मोनू की शादी हुई थी। उसकी पत्नी पूजा गर्भवती है। मोनू की मौत के बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर, पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त मोनू ने हेलमेट नहीं पहना था। मोनू के शरीर पर अन्य जगह कोई गंभीर चोट नहीं आई है। उसके सिर में ही गंभीर चोट लगी थी।