मेरठ में बसपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य अरुण चौधरी की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। वह एक युवक को जान से मारने के लिए पिस्तौल लेकर पीछे भाग रहे हैं। वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। युवक की तहरीर पर पुलिस ने अरुण और उसके साथी ईशु के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
इंचौली क्षेत्र के गांव मसूरी निवासी अरुण चौधरी वार्ड-25 से जिला पंचायत सदस्य बने हैं। गांव में ही अरुण की रंजिश चल रही है। पुलिस के मुताबिक रविवार को गांव के इंद्रजीत नाम के युवक से अरुण की कहासुनी हो गई।
सोमवार सुबह मसूरी बस स्टैंड पर इंद्रजीत व अरुण के बीच फिर कहासुनी हो गई। आरोप कि अरुण ने इंद्रजीत की पिटाई कर दी और गोली भी चला दी। वह किसी तरह बच गया और जान बचाने के लिए भागने लगा।
अरुण पिस्टल लेकर उसके पीछे भागा, उसके साथ ईशु भी डंडा लेकर दौड़ने लगा। इंद्रजीत ने एक घर में घुसकर जान बचाई। इंद्रजीत की तहरीर पर इंचौली पुलिस ने जानलेवा हमला, मारपीट व धमकी देने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी देहात केशव कुमार ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज पुलिस को मिल गई है।