फलावदा (मेरठ)। गोतस्कर अकबर बंजारे के भाई शमीम के खिलाफ गैंगस्टर के मुकदमे में कार्रवाई करते हुए अपराध द्वारा गांव महलका में अर्जित की गई करोड़ों रुपये कीमत की कृषि भूमि कुर्की की गई। अभी और संपत्ति चिह्नित की जा रही है।
सीओ मवाना अवनीश कुमार ने बताया कि अपराध कर अवैध संपत्ति अर्जित करने के मामले में जिला अधिकारी के आदेश पर गो तस्कर अकबर बंजारे के भाई एवं गिरोह के सरगना शमीम की गांव महलका-सकौती मार्ग पर एक करोड 23 लाख रुपये कीमत की करीब 18 बीघा कृषि भूमि जब्त की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बहसूमा थाना प्रभारी, सीओ मवाना आशीष कुमार व फलावदा थाना प्रभारी मुनेश शर्मा, महलका चौकी प्रभारी धर्मेंद्र भारी फोर्स के साथ मौके पर रहे। सरधना तहसीलदार की मौजूदगी में मुनादी कराकर शमीम की जमीन पर क्रय-विक्रय नहीं करने का बोर्ड लगाते हुए भूमि कुर्क करने की कार्रवाई की गई।
अकबर बंजारे के आम के बाग के फलों के नीलामी 3 जून को
बहसूमा (मेरठ)। पुलिस ने बहसूमा बाईपास पर स्थित गैंगस्टर की कार्रवाई में जब्त गो तस्कर रहे शमीम बंजारे के भाई अकबर बंजारे के कुर्क आम के बाग में लगे फलों की नीलामी 3 जून को की जाएगी। क्षेत्राधिकारी मवाना आशीष शर्मा ने बताया कि बहसूमा बाईपास पर गांव समसपुर में स्थित खसरा नंबर 61 से 65 तक आम के बाग के करीब 10-15 पेड़ों पर फल लगे हैं। आम के फलों की नीलामी 3 जून को कराई जाएगी। इसके लिए फलों को खरीदने वाले आढ़ती, आम के बागवान फलों की बोली लगाकर खरीद सकते हैं।