कंकरखेड़ा। क्षेत्र के न्यू गोविंदपुरी में छात्रा ने और फाजलपुर में युवक ने गृहकलह में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शशि (18) पुत्री हरवीर सिंह निवासी न्यू गोविंदपुरी कक्षा 10वीं की छात्रा थी। वह छह भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। दो बड़े भाई व पिता बाहर रहते हैं। वह मां फूलवती और तीसरे भाई राजू के साथ रहती थी। उसका अक्सर भाई और उसकी पत्नी से विवाद होता रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि कई दिन पूर्व उसका भाई एक गाय लेकर घर आया था। इस कारण घर में गंदगी फैल रही थी। इसी के चलते शनिवार को घर में हुए विवाद के बाद शशि ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। इंस्पेक्टर बिजेन्द्र पाल राणा का कहना है कि छात्रा की मां ने उसके भाई के खिलाफ तहरीर दी है। भाई को हिरासत में लिया है, लेकिन अभी रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है। वहीं विष्णु (21) पुत्र हरि सिंह निवासी रोहटा रोड फाजलपुर मजदूरी करता था। परिवार में आर्थिक तंगी को लेकर विवाद होता रहता था। विष्णु ने भी शनिवार को बंद कमरे में फंदे से लटककर फांसी लगा ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है।