मेरठ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में कॉलेज से एडमिशन कराकर लौट रही दो छात्राओं के साथ लूट की घटना सामने आई है। मेडिकल थाना क्षेत्र के जयभीम नगर निवासी छात्रा निशा और मेघा आरजी इंटर कॉलेज में दाखिला लेकर घर लौट रही थीं। इसी दौरान पीछे से बाइक पर आए दो बदमाशों ने निशा का पर्स छीन लिया।
लूट का विरोध करने पर निशा बदमाशों से उलझ गई और हाथापाई के दौरान गिरकर घायल हो गई। उसकी चीख-पुकार सुनकर राहगीर मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, मगर फिलहाल बदमाशों का सुराग नहीं लग सका है। मामले की जांच कर रहे सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि लुटेरों को पकड़ने के लिए विशेष टीम बनाई गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।