रिपोर्ट दर्ज न करने पर किया थाने पर प्रदर्शन
मोदीनगर। थानांतर्गत एक गांव में महिला से छेड़छाड़ का विरोध करने पर महिला और उसके पति को मारपीट कर घायल करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज न होने पर परिजनों के साथ समाज सेवी संस्था टीम शक्ति ने थाने पर प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लोगों को शांत कराया। तीन दिन पहले एक गांव में कुछ लोगों द्वारा एक महिला के साथ मारपीट करने और छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। महिला तभी से आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली के चक्कर लगा रही थी। लेकिन पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। शनिवार को महिला और उसके परिजन समाज सेवी संस्था टीम शक्ति की अध्यक्ष व पूर्व जिला पंचायत सदस्य दीपा त्यागी के नेतृत्व में कोतवाली पहुंचे और प्रदर्शन किया। एसएचओ जयकरण सिंह का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।