संदिग्ध हालात में हिस्ट्रीशीटर की मौत, हत्या की आशंका
मुरादनगर। जलालाबाद गांव गांव में नाले के पास एक हिस्ट्रीशीटर का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सड़क हादसे में मौत होना बता रही है। एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे सूचना मिली कि जलालाबाद गांव के बाहर वाले रास्ते पर बंबा के पास एक युवक का शव पड़ा है और उसकी स्कूटी भी साइड में पड़ी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। एसएचओ ने बताया कि मृतक की शिनाख्त अनिल कुमार (35) पुत्र धर्मपाल निवासी जलालाबाद के रूप में हुई। मृतक मुरादनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश था, जिस पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया कि गंगनहर से जलालाबाद गांव की ओर जाने वाले रास्ते में अनिल की स्कूटी पुलिया से टकरा गई और वह नाले में गिर गया। मृतक की बहन सविता ने अपने भाई की मौत का कारण जानने के लिए तहरीर दी है।