दुकान खाली कराने के विवाद में कई राउंड फायरिंग
मोदीनगर। सीकरी रोड स्थित मार्केट में दुकान खाली कराने के लिए मंगलवार सुबह जमकर फायरिंग हुई और दुकान का सामान बाहर फेंक दिया। फायरिंग से मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान आरोपी पक्ष का एक युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की ओर से दी गई तहरीर पर एक नामजद सहित 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला और बलवे की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना क्षेत्र के निजामपुर गांव निवासी चमन सिंह का सीकरी रोड पर मकान है और मकान से लगी दुकानें बनी हैं। एक दुकान में सीकरी खुर्द निवासी मुनेश कंसल किरायेदार हैं। बताया गया कि दुकान खाली कराने के लिए दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। पीड़ित पक्ष के अनुसार उसने कोर्ट में भी केस डाला हुआ है। आरोप है कि मंगलवार सुबह आरोपी पक्ष के 15 से अधिक लोग दुकान पर पहुंचे और कई राउंड फायरिंग करते हुए दुकान में तोड़फोड़ की तथा सामान उठाकर बाहर फेंक दिया। दुकानदार ने विरोध किया तो उसे लाठी डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। सुबह सुबह ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से वहां भगदड़ मच गई। घटना की जानकारी लगते ही दर्जनों व्यापारी थाने पर एकत्रित हो गए और विरोध में हंगामा किया।
सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि दुकान खाली कराने के लिए दो पक्षों में विवाद चल रहा है। एक पक्ष ने दुकान पर पहुंचकर फायरिंग की है। दुकानदार मुनेश कंसल की तहरीर पर चमन सिंह सहित करीब 15 अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।