मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद अजीत उर्फ अजय को किया गिरफ्तार
मोदीनगर। करीब एक साल से निवाड़ी पुलिस की पकड़ से दूर चल रहे 25 हजार के इनामी अजीत उर्फ अजय को मुजफ्फरनगर जनपद की जानसठ पुलिस ने शुक्रवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। वह साल 2021 में पुलिस को चकमा देकर मुजफ्फरनगर जेल से फरार हो गया था। इसके बाद अजीत ने पुलिस को गुमराह करने के लिए निवाड़ी थाना क्षेत्र में अपनी कद-काठी के युवक की हत्या करने के बाद शव को जलाकर जंगल में फेंक दिया था।
अजीत की पत्नी कविता, पुत्र सूर्यकांत और रविकांत ने निवाड़ी थाने पहुंचकर जले हुए शव की शिनाख्त अपने पति अजीत उर्फ अजय के रूप में कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया था। निवाड़ी पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो परिवार और शव का डीएनए टेस्ट कराया। डीएनए रिपोर्ट से शातिर अजीत उर्फ अजय व उसके परिवार की साजिश बेनकाब हो गई। निवाड़ी पुलिस ने अजीत उर्फ अजय और उसके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर पत्नी कविता और उसके एक पुत्र को जेल भेज दिया था दूसरे पुत्र ने अदालत में समर्पण कर दिया था लेकिन मुख्य आरोपी अजीत पुलिस की पकड़ से दूर था। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर पुलिस ने अजीत उर्फ अजय को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। निवाड़ी थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि हत्या में वांछित अजीत उर्फ अजय को मुजफ्फरनगर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। निवाड़ी में मिले अज्ञात शव की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। अजीत को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।