रंजिश में हुई हिस्ट्रीशीटर के पिता की हत्या, आठ पर रिपोर्ट
मुरादनगर। बंदीपुर गांव के गेट के पास हिस्ट्रीशीटर के पिता सतेंद्र पाल की गोलियां बरसा कर की गई हत्या रंजिश की वजह से की गई थी। मृतक के बेटे सोनू ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
मूलरूप से बंदीपुर गांव निवासी सतेंद्र पाल (55) परिवार के साथ ओल्ड हाइडिल कॉलोनी में रहते थे, परिवार में पत्नी सुमित्रा, बेटे सोनू, मोनू, जोनी व एक बेटी मोनी है। सतेंद्र पाल ऊर्जा निगम में लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात बाइक से बंदीपुर गांव जाने के दौरान गांव के गेट के पास बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस को मौके से गोली के चार खोखे मिले थे। मृतक सतेंद्र पाल का बेटा मोनू मुरादनगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। मृतक के दूसरे बेटे सोनू ने चितौड़ा निवासी आकाश उर्फ टसनी, रीतू तेवतिया, सुल्तानपुर निवासी अजय व जयकुमार, शाहजहांपुर मोदीनगर निवासी बलदेव चौधरी, सौंदा निवासी आयुष त्यागी, मोरटा निवासी विनोद त्यागी और जीतपुर निवासी धुव्र त्यागी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। सतेंद्र के हिस्ट्रीशीटर बेटे मोनू का कहना है कि रंजिश के चलते उसके पिता की हत्या की गई है। वर्ष 2017 में उस पर भी हमला हुआ था और गर्दन पर के पास गोली लगी थी। एसपी देहात डॉ. ईरज राजा का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर कई बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। हत्यारोपियों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के बेटे मोनू के खिलाफ भी 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं।